जोधपुर नगर निगम ने शुक्रवार को पाल रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। निगम की टीम ने सर्विस रोड पर बनी झुग्गी-झोपड़ियों को वहां से हटाया। निगम अतिक्रमण इंस्पेक्टर रजनीश बारासा ने बताया कि निगम आयुक्त के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधी दस्ते ने कार्रवाई की।
इंस्पेक्टर रजनीश बारासा ने बताया- पाल बालाजी मंदिर के पास नए चौराहे पर सर्विस रोड पर लोग कई साल से झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। निगम करीब 15 दिन से इन लोगों को झुग्गी-झोपड़ी हटाने के लिए मुनादी भी करवा रहा था। इसके बावजूद ज्यादातर लोगों ने अपना कब्जा नहीं हटाया। हालांकि, कुछ लोगों ने खुद से ही अपनी झुग्गी-झोपड़ियां हटा लीं।
अब देखिए, कार्रवाई से जुड़ी PHOTOS..


इंस्पेक्टर रजनीश बारासा ने बताया कि निगम के पास सर्विस लाइन पर अवैध कब्जे को लेकर लगातार शिकायतें आ रही थीं। कार्रवाई करते हुए करीब 50-60 झुग्गी-झोपड़ियों को हटाकर सर्विस लेन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। यहां पर नगर निगम की ट्रंक लाइन भी चल रही है, जिस पर भी इन लोगों ने अवैध अतिक्रमण कर रखा था।
आग लगाकर कार्रवाई रोकने का किया प्रयास
इंस्पेक्टर रजनीश बारासा ने बताया कि इस दौरान अतिक्रमियों ने कुछ लोगों के उकसावे में आकर एक झोपड़ी में आग लगाकर कार्रवाई को रोकने का भी प्रयास किया, लेकिन निगम के दस्ते ने तुरंत दमकल को बुलाकर आग को बुझाकर कार्रवाई जारी रखी। कार्रवाई के बाद मलबे को भी निगम की टीम ने हटवाया।
वहीं, झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना किसी नोटिस के हटा दिया गया और वे यहां लंबे समय से रह रहे थे। ऐसे में उन्हें कहीं और रहने की जगह दी जाए।






