जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा जोन-13 में निजी खातेदारी की करीब 06 बीघा कृषि भूमि पर नवीन अवैध कॉलोनी को पूर्णतः ध्वस्त किया गया। जोन-पीआरएन-साउथ में रीको कांटा कल्याणपुरा में के. एम. कॉलोनी की 40 फीट रोड सीमा को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया।
उप महानिरीक्षक पुलिस, राहुल कोटोकी ने बताया कि जोन-13 के क्षेत्राधिकार में अवस्थित ग्रीन जोन दिल्ली रोड़, ग्राम कूकस, छापरवाडी, जिला जयपुर में करीब 06 बीघा निजी खातेदारी कृषि भूमि पर जेडीए की बिना स्वीकृति-अनुमोदन के एवं बिना भू रूपान्तरण करवायें भूमि को समतल कर फार्म हाऊस योजना हेतु बनाई गई मिट्टी-ग्रेवल सड़कें, बाउण्ड्रीवाल व अन्य अवैध निर्माण कर नवीन अवैध कॉलोनी बसाने की सूचना प्राप्त होने पर उप महानिरीक्षक राहुल कोटोकी के निर्देशन में आज जोन-13 के राजस्व व तकनीकी स्टॉफ की निशादेही पर प्रवर्तन दस्ते द्वारा जेसीबी मशीन व मजदूरों की सहायता से प्रारिम्भक स्तर पर ही ध्वस्त किया जाकर नवीन अवैध कॉलोनी बसाने के प्रयास को विफल किया गया।
जोन-पी.आर.एन.(साउथ) के क्षेत्राधिकार में अवस्थित रीको कांटा कल्याणपुरा में के. एम. कॉलोनी की 40 फीट रोड सीमा पर अतिक्रमण कर तारबंदी कर, लोहे के एंगल, टीनषेड लगाकर अतिक्रमण रास्ता अवरूद्ध कर रखा था जिससे स्थानीय लोगों आमजन को रास्ते को लेकर भारी समस्या का सामना करना पड रहा था। जिसकी सूचना प्राप्त होने पर किये गये अतिक्रमणों को उप महानिरीक्षक राहुल कोटोकी के निर्देषन में आज जोन-पी.आर.एन.(साउथ) के राजस्व, तकनीकी स्टॉफ पटवारी की निशादेही पर प्रवर्तन दस्ते द्वारा जेसीबी मशीन व मजदूरों की सहायता से ध्वस्त कर हटवाया जाकर 40 फीट रोड सीमा को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया।






