जयपुर में चलती टैक्सी कार में शुक्रवार दोपहर आग लगने से दहशत फैल गई। ड्राइवर ने रोड किनारे कार रोक बाहर की ओर छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। कार के साथ ही डेस्क बोर्ड में रखा उसका मोबाइल और कैश जल गया। रामनगरिया थाना पुलिस ने फायर बिग्रेड की एक गाड़ी की मदद से आग पर काबू पाया। आग से कार जलकर पूरी तरह से कबाड़ में बदल गई।
पहले कार में धुआं उठने लगा
पुलिस ने बताया- आगरा रोड निवासी रामकरण वर्मा (44) उबर कंपनी में अपनी कार टैक्सी में चलाता है। दोपहर करीब एक बजे कैब लेकर जगतपुरा में वीआईटी मार्ग पर विवेकानंद इंस्टीट्यूट के पास से जा रहा था। इसी दौरान चलती कार के अंदर से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते कार में आग लग गई। ड्राइवर रामकरण ने तुरंत कार को रोड किनारे खड़ा किया। किसी तरह कोशिश कर कार के गेट को खोलकर बाहर की ओर कूदकर अपनी जान बचाई।
सिर के बाल जले
कार के अंदर लगी आग से उसके सिर के बाल भी जल गए। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। कार के साथ ही अंदर डेस्क बोर्ड में रखा उसका मोबाइल व कैश भी जल गया। कार में आग लगने की सूचना पर रामनगरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फायर बिग्रेड की एक गाड़ी की मदद से करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने से पहले कार पूरी तरह जलकर कबाड़ बन चुकी थी। पुलिस प्रथमदृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना मान रही है।






