जयपुर। शहर चलो अभियान 2025 से पूर्व हेरिटेज निगम की ओर से प्री कैंप का आगाज गुरुवार से हो गया है। किशनपोल जोन के वार्ड 62,66 और हवामहल आमेर जोन में वार्ड 1,2,3 और 4 के निवासियों के लिए कैंप लगाए गए। जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि के सहयोग से निगम अधिकारियों ने कैंप में आए लोगों के आवेदनों को लिया। वहीं, निगम आयुक्त डॉ निधि पटेल के निर्देश पर जोन उपायुक्त दिलीप भंभानी और सीमा चौधरी ने वार्डो में घूमकर लोगों को शहर चलो अभियान के बारे में जानकारी दी और लोगों से शिविरों में आने की अपील भी की। शुक्रवार को किशनपोल जोन के वार्ड 60,61,64,65 के कैंप चौकड़ी रामचंद्र जी स्थित सामुदायिक केंद्र में लगेंगे, वहीं हवामहल जोन के वार्ड 5,6,7 के कैंप इंदिरा गांधी सामुदायिक केंद्र पर प्री कैंप लगाया जाएगा। इन प्री कैंप में वार्ड के निवासी अपनी समस्याओं के लिए अधिकारियों से सीधे संवाद कर सकेंगे। कैंप का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा।
आयुक्त ने दिए निर्देश प्री कैंप अभियान में लोगों की समस्याओं का किया जाएं त्वरित निस्तारण
वहीं, निगम आयुक्त डॉ निधि पटेल ने बैठक कर निगम अधिकारियों को प्री कैंप में आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जोन उपायुक्त अपने अपने वार्ड के पार्षद से संवाद कर कैंप लगाए और वार्डो में घूमकर लोगों को कैंप के बारे में जानकारी दें। निगम आयुक्त डॉ निधि पटेल ने शहर चलो अभियान 2025 की मॉनिटरिंग के लिए अतिरिक्त आयुक्त सुरेंद्र यादव को नोडल अधिकारी बनाया है। इसके अलावा आयुक्त ने ऑनलाइन पोर्टल पर आ रही शिकायतों के भी त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।






