जयपुर 3 सितंबर। उदयपुर पुलिस ने 28 अगस्त को हुई 5 लाख रुपये की लूट की वारदात का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी अजहर खान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी महिला मित्र के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था।
एसपी योगेश गोयल ने बताया कि पीड़ित ध्रुव जैन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्हें पैसों की जरूरत थी, जिसके लिए उनके मित्र कविश सिंह सोलंकी ने उन्हें 5 लाख रुपये दिए। ध्रुव अपनी महिला मित्र पूजा के साथ कार से जा रहे थे, तभी फतेह स्कूल के पास पल्सर बाइक पर आए दो व्यक्तियों, जिनमें से एक अजहर खान था ने उनकी महिला मित्र के साथ मिलकर उनसे मारपीट की और 5 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर मुख्य आरोपी अजहर खान को गुलाब बाग गेट के बाहर से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान अजहर ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई राशि में से 3 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपी अजहर खान पुत्र इरशाद खान (36) निवासी सूरजपोल उदयपुर के खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
————–






