Traffic Tail

भारत टैक्सी सहकारिता मॉडल की नई शुरुआत: अब ड्राइवर नहीं, खुद होंगे मालिक

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 100 से अधिक टैक्सियों को दिखाई हरी झंडी, बोले— मेहनत का पूरा लाभ अब सारथियों को मिलेगा

हिंद रफ्तार
जयपुर। राजस्थान ने सहकारिता आधारित परिवहन व्यवस्था की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए ‘भारत टैक्सी’ योजना का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में आयोजित समारोह में 100 से अधिक टैक्सियों, कैब, बाइक टैक्सी और ऑटो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पहल केवल परिवहन सेवा नहीं, बल्कि हजारों वाहन चालकों को आर्थिक आत्मनिर्भरता, सम्मान और स्वामित्व का अधिकार दिलाने वाला जनकल्याणकारी अभियान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक अधिकांश टैक्सी चालक केवल किराए पर वाहन चलाकर सीमित आय अर्जित करते थे, लेकिन भारत टैक्सी सहकारी मॉडल के तहत चालक स्वयं वाहन के मालिक बनेंगे। इससे उनकी आय बढ़ेगी, बिचौलियों पर निर्भरता समाप्त होगी और मेहनत का पूरा लाभ सीधे उन्हें मिलेगा। सरकार इस व्यवस्था के माध्यम से श्रमिक वर्ग को उद्यमी बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सहकारिता को विकास का सबसे प्रभावी माध्यम मानते हुए हर क्षेत्र में नवाचार कर रही है। इसी सोच के तहत परिवहन क्षेत्र में भी सहकारी मॉडल लागू किया गया है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और युवाओं को स्वरोजगार का मजबूत मंच मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के अंतर्गत वाहन चालकों को सामाजिक सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। प्रत्येक पंजीकृत चालक के लिए पांच लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनके परिवार का भविष्य सुरक्षित रहेगा। सरकार का उद्देश्य केवल रोजगार देना नहीं, बल्कि श्रमिकों को सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के दौरान आरएसडीसीएल, नगर निगम और राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (आरएसआरटीसी) के साथ भारत टैक्सी को-ऑपरेटिव के महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान भी हुआ। छह उत्कृष्ट सारथियों को सम्मानित किया गया तथा उन्हें सहकार प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान आज सहकारिता के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है। डिजिटल सहकारी व्यवस्थाओं, पैक्स के आधुनिकीकरण, नई समितियों के गठन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। भारत टैक्सी इसी परिवर्तनकारी सोच का हिस्सा है, जो भविष्य में देशभर के लिए आदर्श मॉडल बनेगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल न केवल लाखों वाहन चालकों के जीवन में आर्थिक बदलाव लाएगी, बल्कि सहकारिता आधारित विकास के राजस्थान मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी दिलाएगी।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179