Traffic Tail

ऊर्जा ट्रांसमिशन लाइन के आरओडब्ल्यू मुद्दों के समाधान हेतु मुख्य सचिव ने जिला कलेक्टरों के साथ की वीसी

प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए ट्रांसमिशन लाइनों का सुदृढ़ होना आवश्यक है। इन ट्रांसमिशन लाइनों से वेस्टर्न राजस्थान में उत्पादित ग्रीन एनर्जी से पूरे देश की विद्युत आपूर्ति भी मजबूत होगी। इसके लिए अंतरराज्यीय ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण के दौरान आ रही राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को सभी जिला कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की।
बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि ट्रांसमिशन लाइनें राज्य की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की रीढ़ हैं और इनमें किसी भी प्रकार की बाधा से विकास कार्य प्रभावित होते हैं। उन्होंने जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए कि आरओडब्ल्यू से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए भूमि संबंधी विवादों, स्थानीय आपत्तियों एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से निपटाया जाए, ताकि ऊर्जा परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जहां आवश्यकता हो, वहां मौके पर जाकर समस्याओं की समीक्षा की जाए।
बैठक में ऊर्जा विभाग एवं संबंधित ट्रांसमिशन एजेंसियों के अधिकारियों ने विभिन्न जिलों में आ रही आरओडब्ल्यू समस्याओं की जानकारी साझा की। मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों को राज्य सरकार की ऊर्जा परियोजनाओं को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने और ऊर्जा प्रसारण तंत्र को मज़बूत बनाने में पूर्ण सहयोग देने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, आनंद कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव, ऊर्जा विभाग, अजिताभ शर्मा, प्रबंध निदेशक, राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम सिद्धार्थ सिहाग सहित ट्रांसमिशन एजेंसियों के अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179