ऑल इंडिया एंटी टेररिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष एमएस बिट्टा आज जोधपुर पहुंचे। उन्होंने देश, युवाओं और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर मीडिया से बातचीत की। उन्होंने राष्ट्र सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया है।
बिट्टा ने कहा कि युवाओं को राष्ट्र सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा एनसीसी, स्काउट और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) जैसे संगठनों से जुड़कर युवा देश की सेवा में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।ऑपरेशन सिंदूर पर बिट्टा ने कहा- राष्ट्र की सुरक्षा और आत्मसम्मान के लिए भारत किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगा।
उन्होंने उन लोगों पर भी सवाल उठाए जो सुरक्षा अभियानों पर प्रश्नचिह्न लगाते हैं। उनका कहना था कि ऐसे लोग राष्ट्र की एकता और अखंडता को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री के लिए राष्ट्र प्रथम
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर बिट्टा ने कहा कि ट्रंप ने भारत की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि राष्ट्र प्रथम है, दोस्ती बाद में।
बिट्टा ने कहा कि यह समय राजनीतिक दलों के एक मंच पर आने का है, ताकि देशहित में एकजुटता दिखाई जा सके। उन्होंने सवाल किया कि क्या राजनीतिक दल ट्रंप जैसे नेताओं के खिलाफ एकजुट होंगे या सिर्फ अपनी राजनीति चमकाने में लगे रहेंगे? उन्होंने सभी देशवासियों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में देश को सर्वोपरि रखें।






