राजस्थान दिवस पर अलवर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जीवंत की राजस्थान की लोक कला और संस्कृति
वन राज्यमंत्री ने कार्यक्रम का शुभारम्भ कर नव संवत्सर
चैत्र नवरात्र स्थापना एवं राजस्थान दिवस की शुभकामनाएं दी
हिंद रफ्तार,जयपुर
वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने गुरुवार को सायं राजस्थान दिवस पर जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कम्पनी बाग (पुरजन विहार) में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिरकत कर कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन कर किया तथा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को देखकर लोक कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

वन राज्यमंत्री शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को नव संवत्सर, चैत्र नवरात्र स्थापना एवं राजस्थान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सनातन संस्कृति में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा का विशेष महत्व है तथा इस दिन हिंदू नववर्ष का प्रारम्भ होता है। इसी महत्व को दृष्टिगत रखते हुए राज्य सरकार द्वारा राजस्थान दिवस को चैत्र प्रतिपदा के रूप में मनाए जाने की घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि अलवर में पर्यटन की अपार संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए पर्यटन हब बनाने एवं प्रदेश में स्वच्छता की श्रेणी में अव्वल लाने की दिशा में अलवरवासियों की सहभागिता के साथ निरन्तर सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय वन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेन्द्र यादव के नेतृत्व में अलवर के समग्र विकास को दृष्टिगत रखते हुए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में 14 से 19 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को सरकार की योजनाओं एवं नीतियों से लाभांवित किया गया है।

कार्यक्रम में नृत्यालिका समूह द्वारा कृष्ण वंदना एवं कालिया दमन नृत्य, कल्ला खां एवं ग्रुप द्वारा लंगा मांगणियार संगीत, बने सिंह प्रजापत एवं ग्रुप द्वारा रिम भवाई नृत्य, सूरज भोपा व गु्रप द्वारा रावण हत्था वादन, शिवनारायण व गु्रप द्वारा चकरी नृत्य, जैतराम व ग्रुप द्वारा चकरी नृत्य, जैतराम व गु्रप द्वारा चरी एवं मटका भवाई नृत्य, महमूद खां द्वारा भपंग संगीत, जादू कला प्रदर्शन, बनवारी एवं ग्रुप द्वारा चंग-ढफ प्रस्तुति, कालबेलिया नृत्य तथा जितेन्द्र सिंह एवं ग्रुप द्वारा मयूर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध किया।






