*इकोलॉजिकल जोन-10 में नियमों की खुली अवहेलना — नोटिस के बाद भी कॉमर्शियल बिल्डिंग का निर्माण जारी*

*हिंद रफ्तार,जयपुर*
जयपुर विकास प्राधिकरण के इकोलॉजिकल क्षेत्र जोन-10 में मुख्य आगरा रोड स्थित पर मार्ट के पास एक कॉमर्शियल बिल्डिंग का निर्माण कार्य विभागीय नोटिस के बावजूद भी लगातार जारी रहने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार संबंधित निर्माण को लेकर प्राधिकरण द्वारा पूर्व में नियमों के उल्लंघन एवं इकोलॉजिकल क्षेत्र में व्यावसायिक निर्माण किए जाने पर नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद निर्माणकर्ता द्वारा बिना किसी भय के निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि इकोलॉजिकल जोन में निर्माण गतिविधियों पर विशेष प्रतिबंध होने के बावजूद बहुमंजिला कॉमर्शियल बिल्डिंग का निर्माण जारी है, जिससे पर्यावरणीय नियमों एवं मास्टर प्लान की खुली अनदेखी हो रही है।
सबसे गंभीर बात यह है कि नोटिस जारी होने के बाद भी मौके पर न तो निर्माण कार्य रुकवाया गया और न ही किसी प्रकार की प्रभावी कार्रवाई दिखाई दे रही है, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो इकोलॉजिकल जोन में अवैध निर्माणों को बढ़ावा मिलेगा और नियम केवल कागजों तक सीमित रह जाएंगे।
*खुद को प्रभावशाली दिखाने के लिए लगाया गया था मुख्यमंत्री के पोस्टर*
इकोलॉजिकल क्षेत्र में निर्माण को सुरक्षित रखने एवं स्वयं की बाहुवलिता को प्रदर्शित करने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के बडे-बडे पोस्टर लगाए गए थे गौरतलब है कि उक्त निर्माण की खबर प्रकाशित होने पर रातोंरात इन पोस्टरों को हटा दिया गया वर्तमान में नोटिस मिलने के बाद भी तिरपाल की आड में निर्माण किया जा रहा है।

अब देखना यह होगा कि जयपुर विकास प्राधिकरण इस मामले में निर्माण को सीज कर कार्रवाई करता है या फिर नोटिस केवल औपचारिकता बनकर रह जाएगा।






