प्रधानमंत्री ने जनसभा के दौरान दी हजारों करोड़ रुपयों के विकास कार्यों की सौगात
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा को सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों कार्यकर्ताओं और आमजन का व्यक्त किया आभार
हिंद रफ्तार अजमेर
अजमेर मुख्यालय के कायड़ विश्रामस्थली में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा विकास, विश्वास और जनसमर्थन का प्रतीक बनी।प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर राजस्थान को 16 हजार करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी।इनमें आधारभूत संरचना, सड़क संपर्क,ऊर्जा,जल आपूर्ति एवं औद्योगिक विकास से जुड़े महत्त्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।बांदीकुई–जयपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे तथा अमृतसर–जामनगर कॉरिडोर जैसे प्रोजेक्ट प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति प्रदान करेंगे।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर राष्ट्रव्यापी HPV टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया, जो किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।रोजगार मेला के अंतर्गत 21 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, जिससे हजारों परिवारों के सपनों को साकार करने का मार्ग प्रशस्त हुआ।केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी, राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित सभी जनप्रतिनिधियों,कार्यकर्ताओं और आमजन का आभार व्यक्त किया।

केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री एवं अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने जनसभा की सफलता पर प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम राजस्थान के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगा।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में कृषि,सिंचाई,आधारभूत संरचना और रोजगार के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं।भागीरथ चौधरी ने अजमेर की जागरूक एवं उत्साही जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसभा में उमड़ा अपार जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की जनता विकास और सुशासन के साथ खड़ी है।






