Traffic Tail

अवैध खनन और गौशालाओं के अनुदान पर होगा वार-पलटवार:विधानसभा में उद्योग और खेल की अनुदान मांगों पर होगी बहस; मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ देंगे जवाब

विधानसभा में आज (गुरुवार) प्रश्नकाल के दौरान कई ऐसे सवाल हैं, जिन पर माहौल गर्माने के आसार हैं। अवैध खनन, गोशालाओं को अनुदान और राशन की दुकानों से जुड़े सवालों पर कांग्रेसी विधायक मंत्रियों को घेरने की कोशिश करेंगे।

शून्यकाल के बाद उद्योग, युवा और खेल की अनुदान मांगों पर बहस के दौरान वार-पलटवार का दौर चलेगा। देर शाम उद्योग और खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ जवाब देंगे।

कांग्रेस विधायक ललित यादव ने गोशालाओं को मिले अनुदान और प्रदेश में गोशालाओं को पंजीकृत करने के बारे में सवाल पूछा है। उस सवाल के जवाब के बाद पूरक सवाल में कांग्रेस विधायक जयपुर में गोहत्या का मामला फिर उठा सकते हैं। अगर जयपुर का मुद्दा फिर आया तो सदन में हंगामा हो सकता है। बजट बहस पर जवाब वाले दिन भी गोहत्या के मामले में कांग्रेस ने भारी हंगामा किया था और प्रश्नकाल के बाद लगातार सात बार कार्यवाही स्थगित हुई थी।

अवैध खनन से जुड़े सवाल पर तकरार की आशंका अवैध खनन के मामले में भी सदन में तकरार के आसार हैं। कांग्रेस विधायक डूंगरराम गेदर ने जनवरी 2024 से दिसंबर 2025 तक अवैध खनन के मामलों और उन पर दर्ज मकुदमों के बारे में सवाल पूछा है।

इस सवाल पर मंत्री के जवाब और उसके बाद पूरक सवाल-जवाब से सदन का माहौल तय होगा। कांग्रेस अवैध खनन के मामले में घेर सकती है। मंत्री भी कांग्रेस राज के आंकड़े गिनाकर पलटवार करेंगे, ऐसे में विवाद की संभावना है।

राइजिंग राजस्थान और युवाओं को नौकरियों के मुद्दे पर होगी बहस उद्योग, खेल और युवा की अनुदान मांगों पर बहस के दौरान कांग्रेस और बीजेपी सरकार के कामकाज की तुलना को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलेगा। कांग्रेस विधायक बहस के दौरान राइजिंग राजस्थान के निवेश के आंकड़ों, घटते रोजगार और युवाओं के मुद्दों पर सरकार को घेरेंगे।

सरकारी नौकरियों की धीमी रफ्तार का मुद्दा भी उठेगा। बीजेपी के विधायकों की भी पलटवार की रणनीति है। बीजेपी विधायक बहस के दौरान कांग्रेस राज में हुए पेपरलीक के मामले उठाकर कांग्रेस विधायकों के तर्कों पर पलटवार करेंगे।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179