Traffic Tail

किशनगढ़ में ट्रेफिक जाम के समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास – गृह राज्य मंत्री

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार द्वारा किशनगढ़ में ट्रेफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास किये गए हैं। शहर में अजमेर विकास प्राधिकरण की टीम द्वारा सर्वे करवाया है तथा ट्रेफिक मेनेजमेंट के लिए अधिक कार्मिकों की तैनाती की है। शहर के प्रमुख चौराहों पर लाइटें ठीक करवाई गई हैं। मार्बल एरिया में पलियावल रोड़ पर एक तरफा यातायात की व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार मदनगंज के लिंक रोड़ पर बेरिकेड लगाकर कटों को बंद किया गया है तथा यहां के प्रमुख चौराहों पर चारों और 50 मीटर के दायरे में नो पार्किंग जोन विकसित किया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आवश्यकता और बजट संसाधनों के आधार पर यहां ट्रेफिक पुलिस थाना स्थापित करने पर विचार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 की बजट घोषणा में 35 करोड़ रुपये की लागत से पाटन- किशनगढ़ वाया तिलोनिया सड़क निर्माण की घोषणा की गई है। गृह राज्य मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक विकास चौधरी द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि एशिया की बड़ी मार्बल मण्डी होने के कारण किशनगढ़ में यातायात का दबाव रहता है। इसके अलावा जयपुर से अजमेर, भीलवाड़ा और ब्यावर तक का रूट यहां से जाने के कारण बाहरी वाहनों का भी आवागमन बना रहता है।

मंत्री बेढ़म ने कहा कि ट्रेफिक मेनेजमेंट एवं सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा निरंतर नवाचार किये जा रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा समय समय पर सर्वे करवाकर आवश्यक कदम उठाए जाते हैं। प्रदेश भर में कनेक्टिविटी के लिए बाइपास एवं हाइवे निर्माण के कार्य किये जा रहे हैं। ट्रक ड्राइवरों के आराम के लिए हाइवे पर अपना घर नाम से विश्राम गृहों की सुविधा शुरू की गई है। इससे नींद के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। इसी प्रकार हाइवे पर कैमरे भी स्थापित किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दूदू से किशनगढ़ के बीच 10 कैमरे लगाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष के बजट में राष्‍ट्रीय एवं राज्‍य राजमार्गों एवं शहरों में सुदृढ Intelligent Traffic Management System (ITMS) के लिए चरणबद्ध रूप से लगभग दो हजार कैमरे 100 करोड (सौ करोड) रूपये की लागत से स्‍थापित किये जाने की घोषणा की गई है।

इससे पहले सदस्य विकास चौधरी के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में गृह राज्य मंत्री ने बताया कि किशनगढ़ शहरी क्षेत्र में यातायात व्‍यवस्‍था हेतु पुलिस जाप्‍ता तैनात कर सुचारू यातायात व्‍यवस्‍था सुनिश्चित करवाई जा रही है। यातायात के नियमों का उल्‍लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया जाता है एवं जहां पर यातायात दबाव की समस्‍या रहती है वहां आवश्‍यकतानुसार पुलिस जाप्‍ता लगाया जाकर यातायात सुचारू रूप से संचालन किया जा रहा है। किशनगढ़ शहरी क्षेत्र में यातायात को बाधित होने से रोकने के लिए भारी वाहनों के प्रवेश की समय-सीमा निश्चित की गई है।

मंत्री बेढ़म ने कहा कि वर्तमान में किशनगढ़ शहर के ट्रैफिक व्यवस्था में स्वीकृत नफरी से अधिक 04 हैड कांस्टेबल यातायात को सुचारू रुप से चलाने के लिए लगाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि भविष्‍य में किशनगढ़ शहर में यातायात भार बढ़ने की संभावना के मध्यनजर नए पद स्‍वीकृत करने हेतु पुलिस मुख्‍यालय से प्रस्‍ताव प्राप्‍त होने पर क्षेत्र की जनसंख्‍या, यातायात व्‍यवस्‍था की स्थिति, वित्‍तीय संसाधानों तथा पुलिस नफरी की उपलब्‍धता के आधार पर विचार किया जा सकेगा।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179

Read More