Traffic Tail

लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाश,पति-पत्नी को मारा:लहूलुहान बुजुर्ग लठ लेकर पीछे भागा; लुटेरे का मोबाइल गिरा

उदयपुर में शुक्रवार रात आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर लूट की कोशिश की। बदमाशों ने घर में मौजूद बुजुर्ग पति-पत्नी को सरिए से भी मारा। इसके बाद भी बुजुर्ग ने हार नहीं मानी और लहूलुहान हालत में लठ लेकर लुटेरों के पीछे भागे।

चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग भी इक्ट्‌ठा हो गए। तब बदमाश घर से भागे। एक बदमाश का मोबाइल गिर गया, जो अब पुलिस के लिए अहम सुराग बन गया है। मामला गोगुंदा के डुलावतों का गुड़ा गांव का है।

चोरों ने गांव के एक मंदिर में भी वारदात की, जहां से करीब 20 हजार से 25 हजार की नगदी और 2 तलवार चोरी की। इसके बाद घर में घुसे थे।

बदमाशों का भागते हुए मोबाइल छूटा

जानकारी अनुसार- नकाबपोश लुटेरे शुक्रवार रात करीब 1 बजे डुलावतों का गुड़ा गांव पहुंचे थे। मंदिर में चोरी के बाद किशन सिंह के घर दीवार फांदकर और छत के रास्ते घुसे थे। उस समय घर में पति-पत्नी और उनका बेटा समेत पूरा परिवार था। बदमाशों ने कमरों में रखी पेटियों और अलमारी के ताले तोड़ना शुरू किया। तब अलमारियों की आवाज सुनकर किशन सिंह और उनकी पत्नी की नींद खुली।

पति-पत्नी ने चीखना शुरू किया तो बदमाशों ने सरिए से वार कर दिया। घायल होने के बाद भी किशन सिंह हाथ में लठ लेकर बदमाशों के पीछे दौड़े। इस आपाधापी में एक लुटेरे का मोबाइल रास्ते में ही गिर गया। शोर सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हो गए, जिसे देख बदमाश जंगल की ओर भाग निकले।

मोबाइल से खुलेगा राज

वारदात के बाद किशन सिंह ग्रामीणों के साथ गोगुंदा थाने पहुंचे और पुलिस को आपबीती सुनाई। थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को मौके से जो मोबाइल मिला है, उसकी डिटेल के आधार पर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी गई है। आरोपियों को पकड़ने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।

गोगुंदा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से अपराध का ग्राफ बढ़ा है। 2 दिन पहले ही खेजड़िया खेत इलाके में एक वृद्ध दंपति के साथ भी लूट की बड़ी वारदात हुई थी।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179