जयपुर के रामनगरिया इलाके में निर्माणाधीन बिल्डिंग की 11वीं मंजिल से गिरे लकड़ी के बंडल के नीचे दबकर एक 19 साल के मजदूर की मौत हो गई। यह घटना बुधवार दोपहर की है, जब क्रेन से लकड़ी का बंडल छत पर पहुंचाया जा रहा था।
अचानक बंडल टूटकर नीचे गिरा और ग्राउंड फ्लोर पर काम कर रहे मजदूर पर आ गिरा। रामनगरिया थाना पुलिस ने जेएनयू हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
SI गिरवर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान बिहार के कटिहार जिले के निवासी मानिक कुमार (19 वर्ष) पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है। वह करीब 8 महीने पहले जयपुर आया था और गोनेर रोड पर स्थित इस निर्माणाधीन बिल्डिंग में मजदूरी कर रहा था। मानिक अपने माता-पिता और बहन के साथ निर्माण स्थल से महज 50 मीटर दूर टीनशेड वाले कमरों में रहता था।
दोपहर करीब 1 बजे, वह ग्राउंड फ्लोर पर हेल्पर के रूप में काम कर रहा था। इसी दौरान क्रेन से लकड़ी का बंडल ऊपर ले जाया जा रहा था, जो अचानक टूटकर उसके ऊपर आ गिरा। गंभीर चोटें लगने से साथी मजदूरों और परिजनों ने उसे तुरंत जेएनयू हॉस्पिटल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। रामनगरिया थाना पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। एसआई गिरवर सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है।






