नाथद्वारा में पुलिस थाना श्रीनाथजी मंदिर द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत 6 माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पारीक एवं डीएसपी नाथद्वारा शिप्रा राजावत के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस थाना श्रीनाथजी मंदिर में एनडीपीएस एक्ट में वांटेड आरोपी गोपाल गुर्जर पुत्र चिरंजीलाल गुर्जर निवासी उपली ओडन को गिरफ्तार किया गया।
बचने के लिए दरवाजा बंद कर बैठ गया
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अपने घर में घुसकर दरवाजे बंद कर लिए, लेकिन पुलिस ने भारी पुलिस बल एवं महिला कांस्टेबल की उपस्थिति में कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजे खुलवाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ जारी
पुलिस के अनुसार आरोपी शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व में एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट, हत्या के प्रयास, अपहरण, मारपीट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कई प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


