Traffic Tail

जोधपुर में पति ने किया पत्नी के सिर पर वार,मौत:बीच बचाव करने आई बेटी का हाथ तोड़ा, डेढ़ घंटे में पकड़ा गया आरोपी

जोधपुर के विवेक विहार थाना क्षेत्र में गुरुवार अलसुबह एक पति ने आपसी विवाद के बाद अपनी पत्नी के सिर पर लोहे के एंगल से वार कर उसकी हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आई बेटी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया।

विवेक विहार थानाधिकारी दिलीप खदाव ने बताया कि घटना गुढ़ा विश्नोइयान के निकटवर्ती मोगा की ढाणी बालाजी नगर की है। यहां गुरुवार अलसुबह 3 बजे बीरबल मोगा ने अपनी पत्नी गुड्‌डी धत्तरवाल (35) पर जानलेवा हमला किया।

मां की चीख सुन दौड़ी बेटी, पिता ने उस पर भी किए वार

थानाधिकारी खदाव ने बताया – घटना के वक्त पति-पत्नी अपने कमरे में थे और तीनों बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। मां की चीख सुनकर सबसे बड़ी बेटी निकिता (15) जागी और दौड़ते हुए माता-पिता के कमरे में पहुंची। वहां पिता बीरबल अपनी पत्नी पर लाठी और लोहे की एंगल से वार कर रहा था। उसकी मां जमीन पर निढाल पड़ी नजर आई।

निकिता ने बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोपी पिता ने उस पर भी हमला कर दिया। हमले में निकिता का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया और सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आईं।

150 मीटर दूर चाचा के घर पहुंची घायल बेटी

घायल होने के बावजूद निकिता हिम्मत दिखाकर वहां से भागी और करीब 150 मीटर दूर रहने वाले अपने चाचा और दादा-दादी के पास पहुंची। उसने उन्हें पूरी बात बताई। जानकारी मिलते ही दोनों चाचा दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि गुड्‌डी सिर पर चोट लगने से निढाल पड़ी थी और पूरे कमरे में खून फैला हुआ था।

वे उसे तुरंत कार से एम्स लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, निकिता के घायल होने का पता चलने पर पड़ोसियों ने उसे एम्स में भर्ती करवाया।

डेढ़ घंटे में दबोचा गया आरोपी

थानाधिकारी खदाव ने बताया कि एफएसएल, एमओबी और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी बीरबल घटना के बाद भाग गया था, लेकिन पुलिस ने उसे डेढ़ घंटे के भीतर घटनास्थल से 3-4 किलोमीटर दूर ढाणियों से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पति खेती बाड़ी का ही काम करता है।

शव का एम्स मोर्चरी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। बीरबल और गुड्‌डी की तीन संतानें हैं, जिनमें सबसे बड़ी निकिता, बेटा आयुष और एक छोटी बेटी है।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179

Read More