Traffic Tail

ऑपरेशन एंटी वायरस:ठगी की रकम डलवाने के लिए 20% कमीशन पर लेते थे बैंक खाते, 14 साइबर ठग गिरफ्तार

जिले में साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन मामलों में 14 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 13 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 7 सिम कार्ड, 3 एटीएम कार्ड और 2 बाइक जब्त की हैं। आरोपी सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को अलग-अलग तरीकों से झांसा देकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

कामां थाना पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सात एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। गिरोह सोशल मीडिया के जरिए अनजान लोगों को अश्लील वीडियो दिखाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देता था और इसी आधार पर रुपये ऐंठता था।

थानाधिकारी भरत सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के गांव टायरा के जंगल में कुछ लोग गिरोह बनाकर साइबर ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एएसआई जय सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में गांव टायरा निवासी सईद, गांव नगला कुलवाना निवासी मुन्फेद, गांव उदाका निवासी बिलाल अहमद, गांव लुहेसर निवासी जिलसाद और आलिम शामिल हैं।

दवा बेचने का झांसा देकर लोगों को ठगने वाले तीन ठग गिरफ्तार

सीकरी| कैथवाड़ा पुलिस ने शक्तिवर्धक दवा बेचने का झांसा देकर लोगों को ठगने वाले तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। कैथवाड़ा एसएचओ ताराचंद शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी छल्लाबास निवासी खालिद पुत्र रसीद, थलचाना निवासी दिल्लादीन पुत्र इकबाल और रसूलपुर निवासी निसार पुत्र छुटमल है। उन्होंने बताया कि एएसआई विजयपाल को सूचना मिली कि खादरीबास कैथवाड़ा से खोहरा को जाने वाले कच्चे रास्ते पर बैठकर कुछ युवक साइबर फ्रॉड कर रहे हैं। इस सूचना पर वे मयदल के सांकेतिक स्थान पर पहुंचे और घेराबंदी कर तीन जनों को पकड़ लिया।

इलेक्ट्रिक सामान का विज्ञापन‎ देकर ठगी करते 6 गिरफ्तार‎

पहाड़ी| एंटी वायरस अभियान के तहत गोपालगढ़ थाना पुलिस ने साइबर ठगी करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी जोतकादर से हेवतका जाने वाले कच्चे रास्ते पर बैठकर ऑनलाइन ठगी कर रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 3 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 3 एटीएम कार्ड और 4 फर्जी सिम कार्ड जब्त किए हैं।

थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि गोपालगढ़ थाना क्षेत्र के जोतकादर निवासी राहुल, इरफान, इमरान पुत्र ताहिर, शहीद पुत्र रत्ती, पहाड़ी थाना क्षेत्र के सामदीका निवासी आसिफ पुत्र बढडन और सतवाड़ी निवासी जिलसाद पुत्र रुजदार मेव को गिरफ्तार किया है।

दुर्गम पहाड़ियों की जड़ी-बूटी का झांसा देकर फंसाया, 90 लाख ठगे

मेवात क्षेत्र के कामां और सीकरी से सक्रिय साइबर ठगों का एक कॉमन नेटवर्क सामने आया है। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी असम, पश्चिम बंगाल और आंध्रप्रदेश जैसे राज्यों से करीब 2 हजार रुपए में मोबाइल सिम कार्ड खरीदते थे। इन सिम कार्डों का इस्तेमाल फर्जी पहचान पर किया जाता था। ठगी की रकम फ्रॉड बैंक खातों में डलवाई जाती थी, जिन्हें 20 प्रतिशत कमीशन पर उपयोग में लिया जाता था, ताकि पैसे की ट्रैकिंग मुश्किल हो सके।

जांच में सामने आया है कि ठगों ने विभिन्न राज्यों के सैकड़ों लोगों से करीब 90 लाख रुपए से अधिक की ऑनलाइन ठगी की। ठगी के लिए आरोपी ऑनलाइन विज्ञापनों का सहारा लेते थे। वे दावा करते थे कि उनकी शक्तिवर्धक दवाएं दुर्गम पहाड़ियों में पाई जाने वाली जड़ी-बूटियों से बनी हैं और उनके पास अनुभवी हकीम मौजूद हैं। इन दावों के झांसे में आकर लोग दिए गए नंबरों पर संपर्क करते थे। इसके बाद दवा भेजने के नाम पर एडवांस रकम जमा करवाई जाती थी।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179

Read More