Traffic Tail

नशे के काले कारोबार पर प्रहार: बाड़मेर पुलिस की बड़ी कामयाबी

पुलिस मुख्यालय और महानिरीक्षक पुलिस जोधपुर रेंज के निर्देशानुसार बाड़मेर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने और वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत थाना रीको पुलिस ने कुल 12645 नशीली एवं प्रतिबंधित टैबलेट्स बरामद की है।
जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना के निर्देशन में पुलिस टीम को नशीली दवाओं की अवैध खेप के बारे में सटीक सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य और वृत्ताधिकारी रमेश कुमार शर्मा के सुपरविजन में पुलिस थाना रीको द्वारा एक विशेष योजना बनाकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
रीको थानाधिकारी भंवरसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कपुरड़ी निवासी दीपसिंह पुत्र हीरसिंह के दानजी की होदी स्थित कमरे की तलाशी ली। इस दौरान वहां रखे एक प्लास्टिक के कट्टे से भारी मात्रा में अवैध दवाइयों का जखीरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एनडीपीएस घटक की कुल 6,000 टेबलेट्स जब्त कीं, जिनका शुद्ध वजन 684 ग्राम मापा गया। इसी कार्रवाई के दौरान कमरे से 1,329 प्रतिबंधित कॉम्बीपैक किट्स भी बरामद किए गए, जिनमें कुल 6,645 टेबलेट्स थीं। इन दवाओं की अवैधता की पुष्टि के लिए बाड़मेर के औषधि नियंत्रण अधिकारी शांति लाल परिहार भी मौके पर उपस्थित रहे। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस फरार मुलजिम की तलाश और मामले के अग्रिम अनुसंधान में जुटी है।
बरामद किए गए प्रतिबंधित ड्रग की औषधि नियंत्रण अधिकारी परिहार द्वारा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के उल्लंघन के तहत जब्त किया गया है। विभाग द्वारा इस अवैध भंडारण और आपूर्ति के खिलाफ अलग से विधिक कार्यवाही अमल में लाई गई है, ताकि इस प्रकार की प्रतिबंधित दवाओं के दुरुपयोग को रोका जा सके।

Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179

Read More