संभागीय आयुक्त पूनम बुधवार, 31 दिसंबर को बतौर रोल ऑब्ज़र्वर जयपुर जिले की बगरू एवं दूदू विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगी। इस दौरान वे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की प्रगति की समीक्षा करेंगी। साथ ही राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से संवाद भी करेंगी।
बगरू विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी संघमित्रा बरड़िया ने बताया कि संभागीय आयुक्त पूनम बुधवार को प्रातः 11 बजे बगरू तहसील में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का पर्यवेक्षण करेंगी। इस अवसर पर वे मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों एवं आपत्तियों की सुनवाई भी करेंगी।
इसी क्रम में दूदू विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि संभागीय आयुक्त पूनम बुधवार को दोपहर 1 बजे दूदू विधानसभा क्षेत्र में कार्यालय अतिरिक्त जिला कलक्टर, दूदू में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का पर्यवेक्षण करेंगी। इस दौरान मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों एवं आपत्तियों की सुनवाई के साथ-साथ मतदान केन्द्रों का निरीक्षण, बूथ लेवल अधिकारियों से संवाद तथा अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी।






