अजमेर जिले के नसीराबाद सदर थाने की पुलिस ने बलवंता चौराहे पर एक सूने मकान में 16 दिसंबर को हुई करीब 20 लाख रुपए की सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके तीन साथी अभी फरार हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश कुमार मील और पुलिस उपाधीक्षक कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि चोरी के मामले में नयापुरा मोहल्ला, ग्राम बस्सी कोटा निवासी शानू उर्फ मोहम्मद शाहनवाज पुत्र अब्दुल हमीद को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की वारदात में उपयोग ली गई कार भी जब्त की गई है।
ये था मामला
पीड़ित बलवंता निवासी सूरजमल कराडिया ने 17 दिसंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह मजदूरी के लिए बाहर गया हुआ था और परिवार के सदस्य बाहर गए हुए थे। तब चोरों ने घर के ताले तोड़कर 10 तोला सोना, 2 किलो चांदी के जेवरात और 1.80 लाख रुपए नकद चुरा लिए।
पीड़ित ने बताया कि उसकी पत्नी पोता होने के कारण जनाना अस्पताल,अजमेर गई हुई थी और पुत्री प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने गई थी। लेकिन दोपहर में उसकी बेटी जब स्कूल से वापिस लौटी तो देखा कि घर के सभी ताले टूटे हुए है। जिस पर उसकी पुत्री ने उसे फोन किया तो वह घर पर पहुंचा।
पीड़ित की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एसपी वंदिता राणा के निर्देशों पर और डीएसपी कृष्ण कुमार यादव के सुपरविजन में थाना प्रभारी अशोक बिशु के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
500 सीसीटीवी खंगालते हुए आरोपी तक पहुंची
नसीराबाद सदर थाना प्रभारी अशोक बिशु के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास के 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज की जांच की और तकनीकी मदद से आरोपी को कोटा से गिरफ्तार किया। पूछताछ में शानू ने कबूल किया कि उसने शादाब, इकबाल उर्फ छत्तीस और चेतन मीणा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में उपयोग ली गई कार, चुराई कंठी और नगदी बरामद की।
थाना प्रभारी बिशु ने बताया कि वारदात में आरोपी के अन्य साथियों कोटा निवास शादाब पुत्र मोहम्मद हनीफ, इकबाल उर्फ छत्तीस पुत्र निजामुद्दीन और ग्राम दोबड़ी, सांगोद कोटा निवासी चेतन मीणा पुत्र हंसराज की भी पहचान कर ली गई है। जिन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा।
आबादी क्षेत्र की रेकी कर सूने मकानों को निशाना बनाते है आरोपी
थाना प्रभारी बिशु ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने हेतु कार लेकर निकलते है तथा मुख्य मार्गो से लगते आबादी क्षेत्र के सूने मकानों की रेकी कर वारदात को अंजाम देकर कार लेकर फरार हो जाते है। मामले में शेष तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से क्षेत्र की अन्य वारदातों के बारे में भी गहनता से पूछताछ की जाएगी।






