ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के प्रमुख पड़ाव और आस्था की नगरी पूंछरी स्थित श्रीनाथ जी मंदिर के पवित्र प्रांगण से रविवार को स्वच्छता और सेवा का एक अनूठा संदेश प्रवाहित हुआ।राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘स्वच्छता नागरिक सहभागिता एवं जन जागरूकता’ कार्यक्रम के तहत गृह,गौपालन, पशुपालन,डेयरी तथा मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने स्वयं फावड़ा चलाकर और तसला उठाकर श्रमदान किया।
‘स्वच्छता संस्कार है,केवल औपचारिकता नहीं’
मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए गृहराज्य मंत्री बेढ़म ने कहा कि स्वच्छता का सीधा संबंध हमारे स्वास्थ्य और समृद्धि से है।उन्होंने कहा, “कूड़ा-करकट और गंदगी न केवल हमारे स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं, बल्कि वातावरण की सकारात्मक ऊर्जा को भी बाधित करते हैं।जिस प्रकार हर व्यक्ति अपने घर और आंगन को साफ रखना चाहता है,उसी प्रकार हमें अपने सार्वजनिक स्थलों,गलियों और विशेषकर पूंछरी जैसे धार्मिक स्थलों की पवित्रता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लेना होगा।उन्होंने उपस्थित जनसमूह को प्रेरित करते हुए कहा कि जब हमारा परिवेश स्वच्छ होगा, तभी वहां का वातावरण मन को सुकून देगा और बैठने योग्य बनेगा।
मंत्री ने पेश की सादगी और सेवा की मिसाल
कार्यक्रम के दौरान गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने वीआईपी संस्कृति से परे हटकर एक आम नागरिक की भांति श्रमदान किया।उन्होंने मंदिर परिसर में झाड़ू लगाई और स्वयं तसले में कचरा भरकर उसे ट्रैक्टर-ट्रॉली तक पहुँचाया। मंत्री महोदय को इस प्रकार सेवा करते देख वहां मौजूद अधिकारी और आमजन भी दोगुने उत्साह के साथ सफाई अभियान में जुट गए।
तुलसी का पौधा भेंट कर किया गया स्वागत
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने भारतीय संस्कृति में पवित्र माने जाने वाले तुलसी का पौधा भेंट कर गृहराज्य मंत्री का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।जिला कलेक्टर ने भी मंत्री महोदय के साथ कदम से कदम मिलाकर श्रमदान में भागीदारी निभाई।
पूरे जिले में महाअभियान का रूप
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार की मंशानुरूप यह विशेष स्वच्छता अभियान डीग जिले के समस्त नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में एक साथ आयोजित किया जा रहा है।इसका उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं,बल्कि आमजन की मानसिकता में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का भाव जगाना है।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां,जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन सिंह,स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।






