अलवर जिला प्रभारी मंत्री तथा कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने राज्य सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में शनिवार को प्रताप ऑडिटोरियम प्रेस ब्रिफिंग कर सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों की जानकारी प्रदान की।
अलवर जिला प्रभारी मंत्री डॉ. मीणा ने राज्य एवं जिले में विगत दो वर्ष में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों एवं महत्वपूर्ण योजनाओं व नीतिगत निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में विभिन्न राष्ट्रीय परियोजनाओं में राजस्थान अव्वल स्थान पर रहा है। उन्होंने बताया कि राजस्थान ने बेस्ट परफॉर्मर राज्य के रूप में देशभर में 11 राष्ट्रीय परियोजनाओं में प्रथम स्थान, 5 योजनाओं में द्वितीय स्थान एवं 9 योजनाओं में तृतीय स्थान हासिल किया है। यह हमारी सरकारी की प्रतिबद्धता, मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि रामजल सेतु लिंक परियोजना सरकार की प्राथमिकता रही है। इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए 26 हजार करोड़ रूपये के कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं। इस परियोजना से पूर्वी राजस्थान के 17 जिलों में 4 लाख हेक्टेयर भूमि में सिंचाई और लगभग 3 करोड़ आबादी की पेयजल जरूरतें पूरी हो सकेंगी। उन्होंने बताया कि दो सालों में जल जीवन मिशन के माध्यम से 10 हजार 482 करोड़ रूपये व्यय कर 13 लाख 59 हजार ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया है। उन्होंने बताया कि कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत 14 हजार से अधिक ग्राम वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर बनाए गए हैं एवं जल संचय जन भागीदारी अभियान के तहत 3 लाख 64 हजार 968 जल संरक्षण कार्य किए गए हैं। अलवर जिले में रामजल सेतु लिंक परियोजना से जोडने के कार्यों सहित सिलीसेढ पेयजल परियोजना, नटनी का बारा वियर से जयसमंद बांध तक नहर का उन्नयन कार्य, भाखेडा एनीकट निर्माण, जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार को दूर करते हुए 352 गांवों में शत-प्रतिशत जल कनेक्शन दे दिए गए हैं।
अलवर जिला प्रभारी मंत्री ने बताया कि दो वर्षों में प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में न केवल आत्मनिर्भर बल्कि सरप्लस स्टेट बनाने के लक्ष्य के साथ कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिसमें पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना एवं पीएम कुसुम योजना के माध्यम से किसान स्वयं बिजली उत्पादन कर ऊर्जादाता बन रहा है। वहीं जिले में 3,731 किसानों को कृषि विद्युत कनेक्शन जारी कर बिजली के बिलों में 1413.51 करोड रूपए का अनुदान एवं पीएम कुसुम सौर ऊर्जा पम्प संयंत्र योजना के अंतर्गत 346 कृषकों को सिंचाई हेतु सोलर पम्प संयंत्रों की स्थापना की गई है।
उन्होंने बताया कि सडक निर्माण के क्षेत्र में 27 हजार 238 करोड रूपये व्यय कर 39 हजार 891 किमी सडकों का निर्माण किया गया है। वहीं जिले में सडक तंत्र को मजबूती प्रदान करते हुए 350.35 करोड रूपये की राशि विकास कार्य प्रक्रियाधीन है। उन्होंने बताया कि सरकार के द्वारा गरीबों एवं वंचितों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए गिव अप अभियान चलाकर अपात्र लोगों को खाद्य सुरक्षा योजना से बाहर कर पात्र परिवारों को एनएफएसए से जोडा गया है। वहीं जिले में अभियान के तहत 1 लाख 37 हजार 822 अपात्र लाभार्थियों को योजना से हटाकर 2 लाख 16 हजार 982 पात्र नए लाभार्थियों जोड़ा गया।
अलवर जिला प्रभारी मंत्री डॉ. मीणा ने बताया कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार ने एसआईटी का गठन कर पेपर लीक के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की तथा पारदर्शी तरीके से 296 भर्ती परीक्षाएं समय पर आयोजित करवाकर 90 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति दी है एवं 1 लाख 53 हजार पदों पर भर्ती की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। उन्होंने बताया कि सरकार किसानों सक्षम व सबल बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है, जिसमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत मिलने वाली 6 हजार रूपये की राशि को बढाकर 9 हजार रूपये कर दिया है, जिससे 76 लाख से अधिक किसानों को 10 हजार 432 करोड़ रूपये सीधे डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किए गए हैं। वहीं अलवर जिले में पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत 1 लाख 51 हजार 331 किसानों को 90 करोड़ 89 लाख रूपये की राशि हस्तांतरित की गई है। साथ ही 425 पीएम किसान समृद्धि केन्द्र स्थापना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत 5,314 फसल बीमा धारकों को 1 करोड़ 11 लाख 79 हजार 891 रूपये की राशि का वितरण, 320 करोड रूपये की लागत से 5 लाख लीटर की क्षमता का नवीन दुग्ध संयंत्र स्थापना प्रक्रियाधीन, मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के अंतर्गत दुग्ध उत्पादकों को 16 करोड़, 54 लाख, 96 हजार, 245 रूपये का भुगतान किया गया।
उन्होंने बताया कि सरकार महिला कल्याण की दिशा में कार्य करते हुए प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना में राशि 5 हजार से बढाकर साढे 6 हजार रूपये की गई है तथा ग्रामीण अंचल की महिलाओं को आत्मनिर्भर व स्वावलंबी बनाने के लिए प्रशिक्षण प्रदान कर लखपति दीदी बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं की आमजन से सुलभ तरीके से पहुंच कराने के लिए मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत 35 लाख से अधिक लाभार्थियों को 6 हजार 860 करोड़ रूपये की कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई है एवं योजना का दायरा बढाते हुए 132 नए पैकेज जोड़े गए हैं। वहीं अलवर जिले में महिला सशक्तिकरण के लिए लखपति दीदी योजना अंतर्गत 21 हजार 820 महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाया गया। साथ ही लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत 19 हजार 199 बालिकाओं को 4.82 करोड रूपये राशि प्रदान की गई, मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना अंतर्गत 165.11 करोड रूपये व्यय कर 1 लाख 99 हजार 618 मरीज लाभान्वित कराया। वहीं अलवर बस स्टैण्ड पर बेबी केयर सेंटर, मिनी सचिवालय में क्रेच एवं नेहरू उद्यान में पिंक टॉयलेट की स्थापना कर महिलाओं की सुविधाओं में विस्तार किया गया है।
अलवर जिला प्रभारी मंत्री ने जिलेवासियों को अलवर की प्रसिद्ध सिलीसेढ झील को रामसर साइट सूची में शामिल किए जाने पर बधाई देते हुए कहा कि रामसर साइट के रूप में झील का चयन होने जिले और प्रदेश के लिए विशेष उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा विगत दो वर्षों में जिले को, बायोलॉजिकल पार्क, विज्ञान केंद्र, डिजिटल प्लेटेनेरियम, अलवर शहर के हनुमान सर्किल व थानागाजी में बस स्टैण्ड निर्माण कार्य नगर वन व मातृवन, गुरूनानक वाटिका, नमोवन, कन्या महाविद्यालय, महिला पॉलोटेक्निक कॉलेज, बालिका सैनिक स्कूल एवं केंद्रीय विद्यालय जैसी अनेकों सौगाते दी हैं, जिन्हें सकारात्मक भाव से काम करते हुए पूरा करने के सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अलवर जिले में युवाओं के सर्वांगीण कल्याण की भावना से काम करते हुए सरकार द्वारा दो वर्षों में मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के अंतर्गत 11,435 लाभार्थियों को 59 करोड 33 लाख 62 हजार 384 रूपये की राशि का भुगतान किया गया है। इसी प्रकार कृषि महाविद्यालय नौगांवा में 15 करोड रूपये की राशि से भवन निर्माण कार्य पूर्ण तथा विज्ञान नगर 4 करोड 50 लाख रूपये की राशि से कन्या महाविद्यालय भवन निर्माण कार्य निर्माणाधीन तथा राजस्थान परिवहन निगम द्वारा 5 लाख 95 हजार 838 परिक्षार्थियों को 5 करोड रूपये से अधिक की राशि व्यय कर निःशुल्क यात्रा कराई गई। वहीं उन्होंने बताया कि तथा गरीब व वंचित व्यक्ति के पक्के घर के सपने को साकार करते हुए प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना अंतर्गत 6 करोड 49 लाख 20 हजार रूपये की राशि से 541 आवास पूर्ण कराए गए तथा 2 हजार 239 के कार्य प्रगतिरत हैं।
इस दौरान रामगढ विधायक सुखवंत सिंह, अलवर जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी, अलवर जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता जनप्रतिनिधिगण, प्रबुद्ध व्यक्ति एवं बडी संख्या में आमजन मौजूद रहे।






