Traffic Tail

2 माह में 30 बाइक चोरी:चोरों की तिकड़ी; पहलवान, चोर और स्टूडेंट मिलकर करते चोरी, 5 हजार में बाइक की होम डिलीवरी, तीन गिरफ्तार

मालवीय नगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात ये है कि इस गिरोह में शामिल एक युवक पहलवान है, दूसरा पेशेवर चोर और तीसरा रेलवे की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा छात्र है। तीनों मिलकर पिछले दो महीनों में 30 से अधिक बाइक चुरा चुके हैं।

फिलहाल पुलिस ने इनके कब्जे से 10 चोरी की बाइक बरामद की हैं, जबकि एक और साथी फरार है, जिससे 20 और बाइक बरामद की उम्मीद है। गिरफ्तार पहलवान किशोर गांव के युवाओं से डिमांड लेकर और उन्हें अलॉय व्हील वाली स्प्लेंडर बाइक की 500 रुपए में ‘होम डिलीवरी’ करता था। चोरी के बाद बाइक की नंबर प्लेट हटाकर उसे रात के अंधेरे में भरतपुर और करौली पहुंचाया जाता था।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

आरोपी भरतपुर और करौली से ट्रेन से जयपुर आते थे और जगतपुरा स्टेशन पर उतरते। पहले से चिह्नित इलाकों में घूमकर वे बाइक चोरी करते और फिर वापस ट्रेन पकड़कर लौट जाते। पुलिस ने बताया कि ये चोर बाइक के लॉक को एलन-की से तोड़ते थे और वारदात के बाद गाड़ी को सुनसान जगह पर ले जाकर उसकी नंबर प्लेट हटा देते थे।

तीनों के किरदार जानिए – कौन क्या करता था?

डीसीपी ईस्ट संजीव नैन और एसीपी मालवीय नगर के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है।

  • किशोर कुमार उर्फ शीलू (पहलवान) – भरतपुर निवासी, गांवों में चोरी की बाइक बेचता था। होम डिलीवरी इसका काम था।
  • कार्तिक उर्फ जुगनू – भरतपुर निवासी, मुख्य चोर। सीसीटीवी में इसका चेहरा साफ दिखा था। जयपुर में दिलखुश से संपर्क में था।
  • दिलखुश मीना – दौसा निवासी, जयपुर में रहकर रेलवे की परीक्षा की तैयारी कर रहा है। ये कार्तिक को इलाके की रेकी करने में मदद करता था।
Hind Raftar
Author: Hind Raftar

हिंद रफ्तार न्यूज को अब आप youtube,Facebook,instagram,Public Tv,Shuru App,twiter,linkdin,Explaurger पर देख सकते है साथ ही हिंद रफ्तार को आप hindraftar.com वेबसाइट पर भी देख सकते है हिंद रफ्तार न्यूज को जल्द ही आप jio tv, Tata play पर भी देख सकेंगे राजस्थान के सभी जिलों,विधानसभा और तहसीलों से रिपोर्टर बनने के लिए सम्पर्क करें 8955262351,8502859179