राजस्थान में ग्रामीण विकास अधिकारी (VDO) बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए जरुरी खबर है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने 31 अगस्त को प्रस्तावित ग्राम विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा को स्थगित कर दिया है। इसके बाद अब 850 पदों के लिए प्रदेश में 2 नवम्बर को ग्रामीण विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। बता दें कि ग्राम विकास अधिकारी के 850 पदों पर 19 जून से 18 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे। इसमें प्रदेश के 5 लाख 40 हजार से ज्यादा उम्मीदवारों ने आवेदन किया था।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने कहा- ग्रामीण विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा पहले 31 अगस्त को प्रस्तावित थी। इसमें 5 लाख से ज्यादा युवाओं ने आवेदन किया है। बोर्ड चाहता था कि एक ही दिन में भर्ती परीक्षा का आयोजन हो। ताकि नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया ग्रामीण विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा में नहीं अपनानी पड़े। इसी बात को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने 2 नवंबर को भर्ती परीक्षा के आयोजन का फैसला किया है। इसके एडमिट कार्ड अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में जारी किए जाएंगे।
योग्यता और चयन प्रक्रिया
राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी भर्ती 2025 के लिए शैक्षणिक योग्यता ग्रेजुएशन है। इसके साथ कैंडिडेट्स को कम्प्यूटर विषय का बुनियादी ज्ञान होना जरूरी है। आवेदक के पास 12th क्लास में कम्प्यूटर विषय हो या किसी मान्यता प्राप्त संस्था से कम्प्यूटर का डिप्लोमा होना जरूरी है।
VDO के पद पर अभ्यर्थियों का सिलेक्शन रिटन एग्जाम के जरिए किया जाएगा। परीक्षा दो चरणों में होगी। पहले प्रारंभिक परीक्षा और फिर मुख्य परीक्षा। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ही मुख्य परीक्षा के लिए योग्य होंगे। राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी 2025 के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष होगी।
मैट्रिक्स लेवल 6 के आधार पर सैलरी दी जाएगी
भर्ती परीक्षा में सिलेक्ट होने के बाद उम्मीदवार को पे मैट्रिक्स लेवल 6 के आधार पर सैलरी दी जाएगी। हालांकि इससे पहले राजस्थान सरकार के नियम अनुसार 2 साल बतौर प्रोफेशनल उन्हें काम करना होगा।






